पिछले वर्ष की तुलना में 282 प्रतिशत अधिक राजस्व अर्जन

भोपाल। मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में भोपाल मंडल द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रारंभिक दो माह – अप्रैल एवं मई 2025 में संड्री (विविध) मदों से उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया गया है। मंडल को इस अवधि में कुल 25 करोड़ 04 लाख रुपये का संड्री ऑरिजनेटिंग राजस्व प्राप्त हुआ, जो कि गत वर्ष की इसी अवधि में अर्जित 6 करोड़ 55 लाख रुपये की तुलना में लगभग 282 प्रतिशत अधिक है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यह उल्लेखनीय वृद्धि रेलवे की संपत्तियों एवं संसाधनों के वाणिज्यिक उपयोग की दिशा में किए गए योजनाबद्ध प्रयासों का परिणाम है। मंडल स्तर पर विभिन्न विभागों के समन्वय से इस राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि “संड्री राजस्व” के अंतर्गत रेलवे को मिलने वाली वह आय शामिल होती है जो किराए या माल भाड़े से इतर होती है। इसमें रेलवे भूमि का वाणिज्यिक उपयोग, निजी साइडिंग से राजस्व, वन एवं रक्षा विभाग को दी गई जमीन की लाइसेंस फीस, पैंट्री कारों की ढुलाई लागत, अनुपयोगी एवं क्षतिग्रस्त माल की नीलामी, स्क्रैप विक्रय, आवासीय भवन किराया, विश्राम गृह एवं रिटायरिंग रूम की आय, स्टेशन परिसर में पार्किंग शुल्क, खानपान विभाग से प्राप्त शुल्क, विज्ञापन राजस्व एवं अन्य गैर-किराया मदों से प्राप्त आमदनी शामिल होती है।
भोपाल मंडल द्वारा आगामी समय में भी इन स्रोतों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए राजस्व वृद्धि की दिशा में कार्य किया जाएगा। संड्री रेवेन्यू के क्षेत्र में यह प्रदर्शन मंडल की वाणिज्यिक दक्षता और रणनीतिक सोच को दर्शाता है।



