मध्य प्रदेश

रेल फाटक पर सतर्कता जरूरी! भोपाल मंडल में चला समपार सुरक्षा जागरूकता अभियान

महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के निर्देशन में पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा 05 जून, 2025 को अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस के अवसर पर एक व्यापक सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य रोड यूजर्स को समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार हेतु प्रेरित करना एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम करना था।

भोपाल मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री विजय शंकर गौतम, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री ममलेश यादव तथा संरक्षा सलाहकारों के नेतृत्व में पिछले एक सप्ताह के दौरान 50 से अधिक अति व्यस्त समपार फाटकों पर विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। इस अभियान में रेल सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग, परिचालन एवं संरक्षा विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के अंतर्गत यात्रियों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि ट्रेन की गति आम धारणा से कहीं अधिक होती है और फाटक बंद होने की स्थिति में उसे पार करना अत्यंत जोखिमभरा हो सकता है। जागरूकता का मुख्य उद्देश्य यही था कि नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

*अभियान की मुख्य गतिविधियाँ:*
• गुना-ग्वालियर, बीना-भोपाल-इटारसी, इटारसी-खंडवा सहित सभी प्रमुख रेल खंडों में यह अभियान चलाया गया।
• भोपाल मंडल के सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों द्वारा मिसरोद स्टेशन के समीप गेट नं. 246 पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर वास्तविक जीवन स्थितियों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा संदेश दिए गए।
• निशातपुरा–सूखीसेवनिया खंड के गेट नं. 255 व 256 पर पंपलेट्स का वितरण व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से संदेश प्रसारित किए गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि रोड यूजर्स की लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। रेलवे इन्हें रोकने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है। इस विशेष अवसर पर मंडल में 7000 से अधिक पंपलेट्स वितरित किए गए और 30 से अधिक अन्य समपार फाटकों पर ध्वनि प्रचार यंत्रों के माध्यम से सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए।

*भविष्य की दिशा में प्रयास:*
भोपाल मंडल के अति व्यस्त समपार फाटकों पर रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जिससे इन स्थलों पर दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही पेट्रोल पंपों, मुख्य सड़कों व रेलवे क्रॉसिंग के आस-पास के क्षेत्रों में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

रेल प्रशासन आम जनता, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से अपील करता है कि वे समपार फाटक पार करते समय सभी चेतावनियों, सिग्नलों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
याद रखें, आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button